लखनऊ LIVE

लखनऊ में हार्ट अटैक से 55 साल के शख्स की मौत, परिवार का आरोप- लोन एजेंटों का टॉर्चर बर्दाश्त नहीं कर सके; घर खाली करो का नोटिस चिपकाया था

लखनऊ में अबरार अली की मौत के बाद बैंक लोन रिकवरी को लेकर परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों के अनुसार, बैंक से जुड़े लोगों की ओर से लोन का सेटलमेंट और मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था.

Gaurav Dwivedi
September 18, 2026
3 min read
लखनऊ में हार्ट अटैक से 55 साल के शख्स की मौत, परिवार का आरोप- लोन एजेंटों का टॉर्चर बर्दाश्त नहीं कर सके; घर खाली करो का नोटिस चिपकाया था

लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के रामनगर में एक शख्स की हार्ट अटैक से मौत हो गई. मृतक अबरार अली की उम्र 55 साल थी. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एरा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. परिवार ने आरोप लगाया है कि बैंक के रिकवरी एजेंट की ओर से लगातार धमकी और घर खाली करने के दबाव के कारण अबरार मानसिक रूप से परेशान थे. परिजनों का दावा है कि रिकवरी नोटिस घर पर चस्पा किए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें हार्ट अटैक आया.परिजनों के मुताबिक, करीब चार दिन पहले एक रिकवरी एजेंट अबरार अली के घर पहुंचा था. आरोप है कि एजेंट ने घर के बाहर रिकवरी नोटिस चस्पा किया और मकान खाली करने की बात कही. परिवार का कहना है कि इसके बाद से अबरार अली काफी तनाव में रहने लगे थे. मृतक की पत्नी अफ्शा ने बताया कि बैंक की ओर से लगातार फोन किए जा रहे थे. उनके मुताबिक, रिकवरी एजेंट कथित तौर पर घर खाली करने के लिए दबाव बना रहा था. परिवार का दावा है कि बैंक की ओर से करीब 31 लाख रुपये के सेटलमेंट को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा था.

24 लाख का लोन, 16 लाख चुकाने का दावा

परिवार के अनुसार, अबरार अली ने बैंक से करीब 24 लाख रुपये का लोन लिया था. परिजनों का दावा है कि इसमें से लगभग 16 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था. परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद रिकवरी को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. अफ्शा के मुताबिक, नोटिस लगाए जाने के बाद अबरार की तबीयत बिगड़ने लगी. करीब दो दिन पहले उनकी हालत ज्यादा खराब हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक की जानकारी दी. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पहले भी पड़ा था हार्ट अटैक

मृतक के दामाद ने बताया कि अबरार अली परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे और पिकअप वाहन चलाकर परिवार का खर्च चलाते थे. उनका दावा है कि करीब नौ महीने पहले भी बैंक की ओर से रिकवरी को लेकर दबाव बनाया गया था. उस दौरान भी अबरार को हार्ट अटैक आया था और उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी.

दामाद के मुताबिक, परिवार ने बैंक से लोन का स्टेटमेंट मांगा था, लेकिन उन्हें कथित तौर पर सही स्टेटमेंट नहीं दिया गया. उनका आरोप है कि हालिया नोटिस और घर खाली करने की बात के बाद अबरार तनाव में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई.

परिवार ने कार्रवाई की मांग की

परिजनों का कहना है कि अबरार की जीवनभर की जमा पूंजी का बड़ा हिस्सा लोन चुकाने में चला गया. मौत के बाद परिवार में मातम है. पत्नी अफ्शा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने रिकवरी एजेंट और बैंक से जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है. हालांकि, अबरार की मौत और रिकवरी प्रक्रिया के बीच सीधा संबंध होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस शिकायत मिलने पर परिवार के आरोपों और पूरे मामले की जांच करेगी.

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

Related Stories

KGMU में नर्सिंग स्टूडेंट्स का फिर धरना… प्रिंसिपल-डीन के इस्तीफे की मांग

लखनऊ के KGMU में नर्सिंग स्टूडेंट्स फिर धरने पर बैठ गए हैं. दिव्यांशी यादव की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद अब डीन और प्रिंसिपल पर भी कार्रवाई और लिखित इस्तीफे की मांग तक पहुंच गया है.

लखनऊ के वजीरगंज में SA अपार्टमेंट का पिलर घंसा, मची अफरा-तफरी; रहते हैं 24 परिवार

लखनऊ के वजीरगंज स्थित SA अपार्टमेंट का एक पिलर सोमवार को अचानक से धंस गया. इस अपार्टमेंट में करीब 24 परिवार रहते हैं. फिलहाल मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौजदू हैं.

बारिश में धंसी इकाना स्टेडियम के पास की सड़क, गड्ढों को पॉलिथीन से ढ़कने में जुटा LDA; वीडियो वायरल

लखनऊ में लगातार बारिश से सड़कें धंस गई हैं, खासकर इकाना स्टेडियम के पास. एलडीए ने मरम्मत के बजाय गड्ढों को पॉलिथीन से ढक दिया, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है.

लखनऊ में वृद्धा की गैंगरेप के बाद हत्या, महिला का अर्धनग्न हालत में मिला शव

लखनऊ के मोहनलालगंज के पद्मिन खेड़ा गांव में एक महिला की गैंगरेप के बाद पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।