लखनऊ में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, मंत्री आवास के बाहर शंख-घंटियां बजाकर बोले- '8 साल से भटक रहे'
लखनऊ में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने नियुक्ति और आरक्षण विसंगतियां दूर करने की मांग को लेकर मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव किया।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र जारी करने और आरक्षण विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर गुरुवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास का घेराव किया। करीब एक घंटे तक अभ्यर्थियों ने आवास के मुख्य द्वार पर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। जब मंत्री या कोई अधिकारी उनसे मिलने बाहर नहीं आया तो अभ्यर्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से शंख और घंटियां बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
मंत्री आवास के बाहर शंख और घंटियां बजाकर जताया विरोध
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि वे नियुक्ति पत्र जारी करने और आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर लंबे समय से अपनी आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना था कि जब लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई उनकी आवाज शासन तक नहीं पहुंच रही है, तो सरकार का ध्यान खींचने के लिए उन्हें शंखनाद करना पड़ा।
अभ्यर्थियों ने करीब एक घंटे तक मंत्री आवास के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए और हाथ जोड़कर नौकरी देने की गुहार लगाने लगे।
‘आरक्षण की चोरी’ के नारे, पुलिस पर पिटाई का आरोप
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘ऐसी क्या मजबूरी है, आरक्षण की चोरी है’, ‘पिछड़ा आयोग ने माना है’ और ‘आरक्षण घोटाला है’ जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, सड़क पर लेटे प्रदर्शनकारियों को जबरन खींचकर बसों में भरना शुरू किया गया।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बसों में बंद करने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, कपड़े फाड़े और लातों से पीटा।
एक प्रदर्शनकारी ने रोते हुए बताया कि पुलिस की पिटाई के बाद उसका पैर उठ नहीं रहा है और उसे गंभीर फ्रैक्चर की आशंका है।
वहीं, पिछले 11 दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर बैठे एक अभ्यर्थी की मौके पर तबीयत बिगड़ गई। उसे साथी अभ्यर्थियों और पुलिसकर्मियों ने संभाला।
अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार दलित और पिछड़े वर्ग के युवाओं की मांगों को लगातार अनसुना कर रही है।
बीमार बेटी को छोड़कर धरने पर बैठे आजमगढ़ के घनश्याम
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों की पारिवारिक मजबूरियां भी सामने आईं। आजमगढ़ से लखनऊ पहुंचे घनश्याम अपनी स्थिति बताते हुए भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे।
उन्होंने बताया कि वह पिछले ढाई महीने से अपने घर नहीं गए हैं। घर पर उनकी तीन साल की बेटी गंभीर रूप से बीमार है। बच्ची को हाल ही में 15 दिनों तक मेडिकल कॉलेज में भर्ती रखना पड़ा था। ऑपरेशन के बाद उसे नियमित फिजियोथेरेपी की जरूरत है।
घनश्याम ने बताया कि बेटी की देखभाल छोड़कर वह लखनऊ में नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी नन्हीं बेटी रोज वीडियो कॉल पर पूछती है कि पापा घर कब आएंगे, लेकिन उनके पास इसका कोई जवाब नहीं होता।
बहन की शादी छोड़कर आंदोलन में पहुंचे मैनपुरी के आशीष
मैनपुरी से आए अभ्यर्थी आशीष कुमार ने भी अपनी पारिवारिक मजबूरी बताई। उन्होंने कहा कि उनके घर में बहन की शादी का माहौल है और सभी रिश्तेदार विदाई की तैयारियों में जुटे हैं।
इसके बावजूद वह अपने भविष्य और नियुक्ति की उम्मीद में परिवार और बहन को छोड़कर लखनऊ में आंदोलन कर रहे हैं।
2018 की भर्ती में आरक्षण नियमों के उल्लंघन का आरोप
अभ्यर्थियों के मुताबिक, बेसिक शिक्षा विभाग ने वर्ष 2018 में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। उनका आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलने वाली पांच प्रतिशत की अनिवार्य छूट नहीं दी गई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का परिणाम भी सामान्य वर्ग के कटऑफ के आधार पर घोषित कर दिया गया, जिससे हजारों योग्य अभ्यर्थी चयन से वंचित रह गए।
सीतापुर से आए आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से अपनी नियुक्ति के लिए भटक रहे हैं। उनके मुताबिक, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी अपनी जांच में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को स्वीकार किया है और नियमों के अनुसार भर्ती पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
40 प्रतिशत पासिंग मार्क्स के आधार पर नई चयन सूची जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि 150 अंकों के पूर्णांक में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत को उत्तीर्ण अंक मानकर परिणाम संशोधित किया जाए। उनका कहना है कि संशोधित परिणाम के आधार पर नई चयन सूची जारी की जाए और उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएं।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
सम्बंधित ख़बरें
इमरान मसूद-इकरा हसन की जिद कहीं कांग्रेस-सपा गठबंधन में दरार न डाल दे, वेस्ट यूपी की सीटों पर फंसा पेंच
यूपी चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर बात नहीं बनी है। अभी दोनों दलों में सीट बंटवारे पर मंथन चल रहा है।
लखनऊ में मल्लिकार्जुन खड़गे के आगमन पर गैरहाजिर रहे कई प्रवक्ता और पैनलिस्ट, कांग्रेस ने जारी किया नोटिस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लखनऊ आगमन पर कई प्रवक्ता और पैनलिस्ट गैरहाजिर रहे। अब यूपी कांग्रेस कमेटी ने अनुपस्थित रहने वाले सभी साथियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
'सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनते हैं', सीएम योगी ने अखिलेश पर बोला हमला, पूछा- जब सरकार में थे तब क्या किया
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी यूपी चुनाव जीतने के लिए परिसीमन बिल लाने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कथित फर्जी वोटर, अधिकारियों के तबादलों और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा.
यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, गौतमबुद्ध नगर से हटाई गईं लक्ष्मी सिंह, गाजियाबाद में बनीं पुलिस कमिश्नर
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े पैमाने पर आईपीएस अफसरों का तबादला हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में तीन साल से पुलिस कमिश्नर पद पर तैनात रहीं लक्ष्मी सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह जे रविन्दर गौड़ नए पुलिस आयुक्त बनाए गए हैं। हाइलाइट्स
.png&w=3840&q=75)