UP की बड़ी खबर

UP में कैसे होगा विधानसभा चुनाव? EVM को लेकर 33 जिलों के DM के साथ EC का मंथन

यूपी 2027 चुनाव की तैयारियों के बीच EVM की FLC को लेकर लखनऊ में 33 जिलों के DM की कार्यशाला हुई. EVM-VVPAT जांच, रैंडमाइजेशन, सुरक्षा और आवाजाही के प्रोटोकॉल समझाए गए.

Gaurav Dwivedi
September 15, 2026
3 min read
UP में कैसे होगा विधानसभा चुनाव? EVM को लेकर 33 जिलों के DM के साथ EC का मंथन

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है. चुनाव आयोग ने अब चुनावी प्रक्रिया के सबसे अहम चरणों में से एक EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को लखनऊ में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 33 जिलों के अधिकारियों के साथ अहम कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें EVM की तकनीकी जांच, सुरक्षा, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग और मतदान से जुड़ी प्रक्रियाओं पर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया.

33 जिलों के अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (रूपाम) में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने की. इसमें 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और FLC सुपरवाइजर शामिल हुए. इनमें लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, बहराइच, कानपुर नगर, इटावा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बांदा, झांसी, ललितपुर समेत कुल 33 जिले शामिल हैं.

EVM की फर्स्ट लेवल चेकिंग क्यों अहम?

FLC चुनावी तैयारियों का शुरुआती और बेहद महत्वपूर्ण चरण है. इसमें EVM और VVPAT की तकनीकी स्थिति की जांच की जाती है, ताकि चुनाव से पहले यह सुनिश्चित किया जा सके कि मशीनें निर्धारित मानकों के मुताबिक काम कर रही हैं. आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि FLC की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ तय प्रोटोकॉल के तहत हो. FLC के बाद सही पाई गई EVM की सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी. उम्मीदवारों के अंतिम रूप से तय होने के बाद कमीशनिंग से पहले यह सूची उन्हें भी उपलब्ध कराई जाएगी.

राजनीतिक दलों की मौजूदगी और प्रक्रिया सार्वजनिक करने पर जोर

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने कहा कि FLC के दौरान राजनीतिक दलों की सहभागिता और निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन की जानकारी सार्वजनिक की जाए. FLC शुरू होने और समाप्त होने पर प्रेस नोट जारी करने के भी निर्देश दिए गए. उन्होंने अधिकारियों से चुनावी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा. साथ ही VVPAT स्लिप की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रोजाना श्रेडिंग और निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण श्रेडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

EVM की आवाजाही पर भी सख्ती

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना EVM की कोई आवाजाही नहीं होगी. EVM के परिवहन के दौरान GPS ट्रैकिंग और निर्धारित रूट का पालन अनिवार्य होगा. इसके अलावा FLC स्थलों का नियमित निरीक्षण, सुपरवाइजर की लगातार मौजूदगी और कंट्रोल रूम की व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी तरह की विसंगति मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

EVM से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया की ट्रेनिंग

कार्यशाला में अधिकारियों को EVM के पूरे लाइफ साइकिल की जानकारी दी गई. इसमें मशीनों के संचालन से लेकर रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग, मतदान, मतगणना और मतगणना के बाद की प्रक्रियाओं तक के प्रोटोकॉल समझाए गए.

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

Related Stories

सपा-कांग्रेस की सियासी दोस्ती में मुस्लिम बहुल सीटें बनीं रोड़ा! वेस्‍ट यूपी की इन 60 सीटों पर दोनों की नजर

यूपी चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन तय है पर सीटों के बंटवारे को लेकर मामला फंसा हुआ है। कांग्रेस अधिकतर मुस्लिम बहुल सीटें अपने पास रखना चाहती है।

पुतला फूंकने से लेकर घर पर अभद्र नारा लिखने तक… UP में CEC ज्ञानेश कुमार का विरोध

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ, रायबरेली, सहारनपुर और आगरा में प्रदर्शन किया. कहीं पुतला फूंका गया तो कहीं पुलिस से धक्का-मुक्की हुई. आगरा में आपत्तिजनक नारे लिखे गए.

डॉक्टर पिंकी, IAS अर्चना और नीलम... योगी सरकार ने 8 महिला अधिकारियों को सौंपी हेल्थ विभाग की कमान, सबको जानिए

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए महिला IAS अधिकारियों को प्रमुख पदों पर नियुक्त किया है। 8 महिला IAS अधिकारी वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का संचालन कर रही हैं।